केरल का पुलिस अधिकारी रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार
केरल का पुलिस अधिकारी रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार
कोच्चि, 11 मई (भाषा) केरल के एलामक्कारा में एक महिला से कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने और एक चिकित्सक से रिश्वत मांगने के आरोप में एक ग्रेड उप-निरीक्षक को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अधिकारी ने इन लोगों को मादक पदार्थ के एक मामले में फंसाने की धमकी दी थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अधिकारी की पहचान मुजीब एच. के रूप में हुई है, जो एलामक्कारा पुलिस थाने में तैनात था।
अधिकारियों ने बताया कि मुजीब ने कोल्लम की रहने वाली महिला को मादक पदार्थ के मामले में फंसाने की धमकी दी थी। महिला का एक दोस्त पिछले साल कोच्चि में गांजे के साथ पकड़ा गया था।
पुलिस ने बताया कि मुजीब उक्त मादक पदार्थ मामले की जांच कर रहा था और कॉल डेटा रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच के बाद उसने महिला से संपर्क किया।
मुजीब पर आरोप है कि उसने महिला को मामले में फंसाने की धमकी दी और उससे अनुचित मांग और रिश्वत की मांग की। एक शिकायत मिलने के बाद शनिवार को उसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद वह कहीं छुप गया।
पुलिस ने बताया कि रविवार को मुजीब के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया और उस पर मादक पदार्थ मामले के आरोपी के दोस्त एक चिकित्सक से संपर्क करने और उससे 1.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया।
मुजीब ने कथित तौर पर चिकित्सक को धमकी दी थी कि पैसे नहीं मिलने पर वह उसे भी इस मामले में आरोपी बनाएगा।
जांच के बाद मुजीब ने सोमवार को एर्नाकुलम उत्तर पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में उसे एलामक्कारा पुलिस थाने ले जाया गया, जहां उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद मुजीब को सेवा से निलंबित कर दिया गया और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक जांच शुरू की गई है।
भाषा सुमित अमित
अमित

Facebook


