केरल की नर्स राज्य की भावना का उदाहरण : राहुल गांधी

केरल की नर्स राज्य की भावना का उदाहरण : राहुल गांधी

केरल की नर्स राज्य की भावना का उदाहरण : राहुल गांधी
Modified Date: March 25, 2026 / 10:42 pm IST
Published Date: March 25, 2026 10:42 pm IST

कोझिकोड (केरल), 25 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि केरल की नर्स राज्य की भावना का उदाहरण हैं क्योंकि वे धर्म, समुदाय या आर्थिक पृष्ठभूमि के आधार पर मरीजों के बीच भेदभाव नहीं करती हैं।

राहुल ने यह टिप्पणी केरल की एक नर्स के साथ अपने निजी अनुभव के आधार पर की, जब उनकी मां सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती थीं। राहुल इसी वजह से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के चुनावी कार्यक्रम के लिए केरल नहीं आ सके थे।

इस कार्यक्रम में ऑनलाइन भाग लेते हुए राहुल ने कहा कि जब उनकी मां अस्पताल में थीं और वह वहां थे तो हर घंटे केरल की रहने वाली एक नर्स आकर सोनिया गांधी की जांच करती थी और इससे उन्हें राहत मिली क्योंकि वह उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे।

राहुल ने कहा, ‘इसलिए, जब पूरी दुनिया सो रही होती है, तब केरल, दिल्ली और दुनिया के बाकी हिस्सों की नर्स लोगों को दिलासा दे रही होती हैं, उनके हाथ थाम रही होती हैं और उन्हें आराम पहुंचा रही होती हैं।’

उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए, यही केरल की भावना है। एक नर्स केरल का बेहतरीन उदाहरण है। वह मरीजों के बीच उनके धर्म, समुदाय या आर्थिक पृष्ठभूमि के आधार पर भेदभाव नहीं करती। वह अपना कर्तव्य निभाती है।’

भाषा

शुभम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में