नीट छात्रा की मदद को आयी कोच्चि पुलिस; अंतिम क्षणों में फोटो स्टूडियो खुलवाया
नीट छात्रा की मदद को आयी कोच्चि पुलिस; अंतिम क्षणों में फोटो स्टूडियो खुलवाया
कोच्चि (केरल), 22 जून (भाषा) देश भर में जब कई छात्र जरूरी दस्तावेज नहीं होने या देरी की वजह से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के केंद्रों में प्रवेश नहीं कर पाए, तब कोच्चि में पुलिस की एक टीम ने यह सुनिश्चित किया कि एक छात्रा परीक्षा देने से वंचित ना होने पाए।
समय पर की गई इस मदद की वरिष्ठ अधिकारियों ने तारीफ की है। कोच्चि सिटी पुलिस ने सोमवार को एक बयान जारी कर इस घटना में शामिल पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, वायपीन की रहने वाली सना जोस नीट परीक्षा के लिए एलामक्कारा के सरकारी माध्यमिक विद्यालय पहुंची थीं, तभी फाटक पर सुरक्षाकर्मियों ने पाया कि उसके पास जरूरी पासपोर्ट-साइज फोटोग्राफ नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा शुरू होने में बहुत कम समय बचा था और जो रिश्तेदार उसे छोड़ने आए थे, वे लौट चुके थे। ऐसे में छात्रा परेशान हो गई और उसे परीक्षा हॉल में प्रवेश न मिलने का डर सताने लगा।
हालात की गंभीरता को समझते हुए सिविल पुलिस अधिकारी चिंचू और अश्वथी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस निरीक्षक लालू जोसेफ तुरंत हरकत में आ गए।
बयान के अनुसार, चूंकि अधिकतर फोटो स्टूडियो रविवार को बंद रहते थे और समय कम बचा था इसलिए अधिकारी ने देशाभिमानी जंक्शन के पास स्थित जियोन स्टूडियो के मालिक बिनू से संपर्क किया और उन्हें स्थिति के बारे में बताया।
मामले की गंभीरता को समझते हुए, बिनु तुरंत अपने घर से निकले और स्टूडियो को खोलकर छात्र के लिए नए पासपोर्ट आकार के फोटो तैयार किए।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद एक पुलिस अधिकारी ने फोटो लिए और उसे तुरंत परीक्षा केंद्र पर मौजूद छात्रा तक पहुंचाया।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


