एर्नाकुलम जिले के प्रति एलडीएफ ने ‘सौतेला रवैया’ अपनाया: कांग्रेस नेता शियास
एर्नाकुलम जिले के प्रति एलडीएफ ने 'सौतेला रवैया' अपनाया: कांग्रेस नेता शियास
कोच्चि, 16 मई (भाषा) एर्नाकुलम जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्ष मोहम्मद शियास ने शनिवार को आरोप लगाया कि पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने जिले के प्रति ‘सौतेला रवैया’ अपनाया और कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार में स्थिति बदल जाएगी।
कोच्चि के निर्वाचित विधायक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एर्नाकुलम को राज्य मंत्रिमंडल में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलेगा और जिसमें इसी जिले से मुख्यमंत्री पद के लिए नामित व्यक्ति भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के अलावा जिले से कई सक्षम जन प्रतिनिधि चुने गए हैं। इनमें से मंत्रिमंडल के लिए सदस्यों का चयन किया जाएगा।’
शियास ने आरोप लगाया कि एलडीएफ के 10 साल के शासनकाल के दौरान जिले में कोई बड़ा विकास नहीं हुआ।
उन्होंने कहा, ‘पिछले 10 वर्षों में एर्नाकुलम में कोई बड़ा विकास नहीं हुआ। पिनराई विजयन सरकार ने जिले के प्रति सौतेला रवैया अपनाया। चूंकि यहां से यूडीएफ के अधिक नेता निर्वाचित हुए, इसलिए माकपा ने भी यही रवैया बनाए रखा।’
उन्होंने कहा कि यूडीएफ सरकारों के दौरान जिले में हमेशा विकास और कल्याणकारी गतिविधियां चलाई गई हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यूडीएफ सरकार के तहत जिले में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जाएंगे।
विधानसभा चुनाव में यूडीएफ ने एर्नाकुलम जिले की सभी 14 सीट पर जीत हासिल की और मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वी. डी. सतीशन परवूर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


