गुजरात में शेर ने पशुपालक पर हमला किया

गुजरात में शेर ने पशुपालक पर हमला किया

गुजरात में शेर ने पशुपालक पर हमला किया
Modified Date: July 6, 2026 / 03:45 pm IST
Published Date: July 6, 2026 3:45 pm IST

अहमदाबाद, छह जुलाई (भाषा) गुजरात के भावनगर जिले में सोमवार को एक शेर के हमले में एक पशुपालक घायल हो गया। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है, जिसमें एक शेर जमीन पर लेटे व्यक्ति का हाथ अपने जबड़ों में जकड़े हुए दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग उसे भगाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह पालिताना तालुका के गरजिया गांव में उस समय हुई, जब कालूभाई परमार नामक व्यक्ति अपने मवेशी को चारा देने गया था।

शेत्रुंजी वन्यजीव प्रभाग के उप वन संरक्षक चिराग अमीन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि शेर इलाके से गुजर जाता, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि उसे उकसाया गया, जिससे वह आक्रामक हो गया होगा।’’

उन्होंने बताया कि यह इलाका वन्यजीवों की आवाजाही वाला क्षेत्र है।

अधिकारियों ने बताया कि घायल परमार को भावनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।

परमार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं सुबह अपनी गाय को चारा देने गया था। शेर वहीं बैठा था और उसने अचानक मुझ पर हमला कर दिया। उसने मुझे जमीन पर गिरा दिया और मेरा हाथ अपने जबड़ों में दबोच लिया। वह करीब आधे घंटे तक मेरा हाथ पकड़े रहा। जब उसने पकड़ ढीली की तो मैं वहां से भाग निकला।’’

अमीन ने बताया कि शेर की पहचान एक अर्ध-वयस्क नर शेर के रूप में की गई है और उसे पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव


लेखक के बारे में