लुधियाना में शादी समारोह में प्रतिद्वंद्वी गुटों की गोलीबारी में दो मेहमानों की मौत, छह गिरफ्तार
लुधियाना में शादी समारोह में प्रतिद्वंद्वी गुटों की गोलीबारी में दो मेहमानों की मौत, छह गिरफ्तार
लुधियाना, 30 नवंबर (भाषा) लुधियाना के पखोवाल मार्ग पर एक शादी समारोह में विरोधी गुटों के बीच हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात शादी समारोह में आमंत्रित किये गए लोगों के दो समूहों के बीच पुरानी रंजिश थी। एक गुट का नेतृत्व शुभम मोटा कर रहा था तो वहीं दूसरे का अंकुर।
पुलिस के अनुसार शादी समारोह में दोनों गुटों के बीच किसी मद्दे को लेकर बहस हुई जो जल्द ही झड़प में बदल गई।
पुलिस ने बताया कि शादी में कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया और उन्हें शांत करने की कोशिश की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक विवाह स्थल पर करीब 20-25 गोलियां चलाई गईं।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में वासु चोपड़ा और नीरू नाम के दो मेहमानों की मौत हो गई और घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि पुलिस ने झगड़ा करने वाले समूहों को आमंत्रित करने वाले दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मैरिज पैलेस के प्रबंधन पर भी सुरक्षा दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है।
लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वप्न शर्मा ने बताया कि इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में शामिल कुछ युवकों का पहले भी झगड़ा और मारपीट का इतिहास रहा है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


