मप्र : नर्मदापुरम में ऑपरेशन थिएटर अटेंडेंट निलंबित, बिना अनुमति सर्जरी करने का आरोप

मप्र : नर्मदापुरम में ऑपरेशन थिएटर अटेंडेंट निलंबित, बिना अनुमति सर्जरी करने का आरोप

मप्र : नर्मदापुरम में ऑपरेशन थिएटर अटेंडेंट निलंबित, बिना अनुमति सर्जरी करने का आरोप
Modified Date: April 25, 2026 / 07:15 pm IST
Published Date: April 25, 2026 7:15 pm IST

नर्मदापुरम, 25 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के एक सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के एक अटेंडेंट को कथित तौर पर डॉक्टर की भूमिका निभाकर एक महिला की शल्य चिकित्सा (सर्जरी) करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना पिपरिया नगर के सिविल अस्पताल में हुई और लगभग आठ दिन बाद तब सामने आई जब पीड़ित महिला ने ब्लॉक मेडिकल अधिकारी (बीएमओ) से शिकायत की।

यह स्वास्थ्य केंद्र जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित है।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गहलोत ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दो दिन पहले मरीज ने बीएमओ ऋचा कटाकवार से शिकायत की थी। प्रारंभिक जांच के बाद मामला शुक्रवार को उनके पास भेजा गया।

उन्होंने बताया कि ओटी अटेंडेंट बरसाती लाल मांझी को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ जांच जारी है।

सूत्रों के अनुसार आरोप है कि मांझी ने अस्पताल में सर्जन की अनुपस्थिति में बिना अनुमति के एक महिला के स्तन से गांठ निकालने की प्रक्रिया की।

अधिकारियों ने बताया कि उस समय ब्लॉक मेडिकल अधिकारी सहित अन्य जिम्मेदार लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत


लेखक के बारे में