महादेव ऐप: ईडी ने 1,700 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की

महादेव ऐप: ईडी ने 1,700 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की

महादेव ऐप: ईडी ने 1,700 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की
Modified Date: March 25, 2026 / 06:39 pm IST
Published Date: March 25, 2026 6:39 pm IST

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन जांच के तहत ‘‘अवैध’’ महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के मुख्य प्रवर्तकों में से एक, सौरभ चंद्राकर से जुड़े संगठनों की दुबई में स्थित लगभग 1,700 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त की। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

संघीय जांच एजेंसी ने पहले बताया था कि इस मामले में छत्तीसगढ़ के कई उच्च पदस्थ राजनेता और नौकरशाह शामिल हैं।

सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय ने धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक अंतरिम आदेश जारी कर दुबई में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा में कुछ संपत्तियों सहित कई विला और महंगे घरों को कुर्क करने का आदेश दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्तियां चंद्राकर, उनसे जुड़ी कंपनियों और सहयोगियों से संबंधित बताई जा रही हैं।

सूत्रों ने बताया कि नवीनतम आदेश के तहत कुर्क की गई कुछ संपत्तियां भारत में हैं।

महादेव ऐप के प्रवर्तकों में चंद्राकर और उनके सहयोगी रवि उप्पल शामिल हैं। दोनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।

भारत उनके प्रत्यर्पण की कोशिश कर रहा है।

चंद्राकर का आखिरी ज्ञात ठिकाना संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) था, जबकि उप्पल यूएई से भागकर वानूआतू चला गया है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में