हल्द्वानी में क्रिकेट टूर्नामेंट के नाम पर व्यापारियों को ठगने का आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी में क्रिकेट टूर्नामेंट के नाम पर व्यापारियों को ठगने का आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी में क्रिकेट टूर्नामेंट के नाम पर व्यापारियों को ठगने का आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: February 7, 2026 / 12:39 am IST
Published Date: February 7, 2026 12:39 am IST

देहरादून, छह फरवरी (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन के नाम पर दो व्यापारियों से कथित तौर पर 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के एक आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजुनाथ टीसी ने बताया कि विकास ढ़ाका को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह हल्द्वानी में एक होटल से ‘चेक आउट’ कर रहा था।

उन्होंने बताया कि ढाका ने हल्द्वानी में गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में ईवीसीएल क्रिकेट लीग के नाम से टूर्नामेंट कराने का दावा करते हुए आयोजन की तैयारियों और प्रचार-प्रसार के नाम पर व्यापारियों से पैसे लिए थे।

ढाका ने क्षेत्र के पूर्व विधायक नारायण पाल समेत व्यापारियों से वादा किया था कि हरभजन सिंह और यूसुफ पठान जैसे शीर्ष पूर्व क्रिकेटर टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।

हालांकि, आयोजन की कोई तैयारियां न देख व्यापारियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस से इसकी शिकायत की।

मंजूनाथ ने बताया कि लेन-देन से जुड़े आरोपी के बैंक खाते ‘फ्रीज’ कर दिए गए हैं।

भाषा दीप्ति

धीरज

धीरज


लेखक के बारे में