गुरुग्राम में घर में घुस पिस्तौल दिखाकर रंगदारी मांगने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
गुरुग्राम में घर में घुस पिस्तौल दिखाकर रंगदारी मांगने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
गुरुग्राम, 28 जून (भाषा) पुलिस ने यहां निमोथ गांव में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह पिस्तौल के बल पर एक घर में घुस गया और 10 लाख रुपये की मांग की। इस दौरान हुई हाथापाई में, पीड़ित की पत्नी पिस्तौल छीनने की कोशिश करते समय घायल हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पत्नी ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी नरेंद्र 25 जून को सोहना सदर पुलिस स्टेशन इलाके में स्थित उनके घर में ज़बरदस्ती घुस आया।
उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र ने उनके पति पर देसी पिस्तौल तानी, फिरौती में 10 लाख रुपये की मांग की और मांग ठुकराए जाने पर उन्हें मारने के लिए ट्रिगर दबाया, लेकिन पिस्तौल नहीं चली।
पुलिस ने बताया कि जब उसने पिस्तौल छीनने की कोशिश की तो उसका हाथ घायल हो गया; इसके बाद आरोपी पिस्तौल वहीं छोड़कर और परिवार को धमकी देकर भाग गया।
उन्होंने बताया कि एक सूचना के आधार पर अपराध शाखा की टीम ने शनिवार को नरेंद्र को गिरफ़्तार किया और उसके ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल से अपराध में इस्तेमाल की गई देसी पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया।
पूछताछ के दौरान, नरेंद्र ने कथित तौर पर रंगदारी की रकम मांगने और शिकायतकर्ता के पति को गोली मारने की कोशिश करने की बात कबूल की। पुलिस ने बताया कि उसने अपने साथी सरफराज की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी; सरफराज गुरुग्राम जिले के सतलाका गांव का रहने वाला है और अभी फरार है।
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि नरेंद्र आदतन अपराधी है और उस पर हत्या समेत तीन मामले दर्ज हैं।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


