डिजिटल गिरफ्त में आकर व्यक्ति ने 2.07 करोड़ रुपये गंवाए
डिजिटल गिरफ्त में आकर व्यक्ति ने 2.07 करोड़ रुपये गंवाए
मंगलुरु (कर्नाटक), 26 अप्रैल (भाषा) साइबर ठगों ने मंगलुरु के 61 वर्षीय एक व्यक्ति को डिजिटल गिरफ्त में लेकर कथित तौर पर उसके साथ 2.07 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि इन अपराधियों ने खुद को सीबीआई अधिकारियों के तौर पर पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति को 31 मार्च को एक अज्ञात नंबर से फोन आया जिसमें फोनकर्ता ने खुद को “नेशनल डेटा प्रोटेक्शन सेंटर” का अधिकारी बताया और कहा कि मुंबई में सिम कार्ड खरीदने के लिए पीड़ित की पहचान संबंधी दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया।
पुलिस के अनुसार फोनकर्ता ने पीड़ित से कहा कि धमकी भरे संदेश भेजने और मादक पदार्थों की तस्करी समेत अवैध गतिविधियों के लिए उस सिम कार्ड का उपयोग किया जा रहा है, उसके खिलाफ मुंबई के एक थाने में कई प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं तथा एनआईए एवं ईडी के अधिकारी जांच शुरू करेंगे।
पुलिस का कहना है कि इसके बाद, पीड़ित व्यक्ति को व्हाट्सऐप कॉल आई जिसमें फोनकर्ताओं ने खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताया और गिरफ्तार करने एवं कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी, मुकदमे के डर से व्यक्ति ने सात अप्रैल से 18 अप्रैल तक इन आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में कई किस्तों में पैसे भेज दिये।
पुलिस ने कहा कि जब पीड़ित को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हुआ है तो उसने यहां के साइबर अपराध एवं नारकोटिक्स थाने में शिकायत की। मंगलुरु पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं राजेंद्र राजकुमार
राजकुमार

Facebook


