गुरुग्राम में शराब की दुकान के बाहर युवक ने महिला को थप्पड़ मारा, जांच जारी

गुरुग्राम में शराब की दुकान के बाहर युवक ने महिला को थप्पड़ मारा, जांच जारी

गुरुग्राम में शराब की दुकान के बाहर युवक ने महिला को थप्पड़ मारा, जांच जारी
Modified Date: April 23, 2026 / 04:42 pm IST
Published Date: April 23, 2026 4:42 pm IST

गुरुग्राम, 23 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम के ब्रिस्टल चौक के पास एक युवक द्वारा एक महिला को थप्पड़ मारे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है लेकिन उसकी सोशल मीडिया टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, वीडियो में वे दोनों बुधवार देर रात ब्रिस्टल चौक के पास शराब की दुकान के बाहर भारी भीड़ और यातायात के बीच हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि युवक ने महिला को कई बार थप्पड़ मारे, और महिला ने भी उस पर वार करने और फिर भागने की कोशिश की, लेकिन उसने (आरोपी ने) उसे थप्पड़ मारना जारी रखा।

झगड़े के दौरान, वहां मौजूद लोग मूक-दर्शक बने रहे। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, वीडियो में कुछ लोगों को महिला को वहां से चले जाने के लिए कहते हुए सुना जा सकता है। इसमें कुछ लोगों को वीडियो बनाते भी देखा जा सकता है।

सोशल मीडिया पर, वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों ने हरियाणा पुलिस और गुरुग्राम प्रशासन को टैग करते हुए युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाषा

शोभना सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में