फरीदाबाद में एक व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या, बेटी का दोस्त गिरफ्तार

फरीदाबाद में एक व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या, बेटी का दोस्त गिरफ्तार

फरीदाबाद में एक व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या, बेटी का दोस्त गिरफ्तार
Modified Date: May 16, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: May 16, 2026 10:13 pm IST

फरीदाबाद, 16 मई (भाषा) फरीदाबाद में 51 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई और उसका शव नंगला-गुजरान रोड के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि हत्या के सिलसिले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी करण (24) ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसका पीड़ित की बेटी के साथ संबंध था और उसने विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी।

मरने वाले की पहचान सारण गांव के निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है और वह एक निजी कंपनी में काम करता था। उसका शव शनिवार तड़के नेकपुर गांव के पास मिला।

पुलिस के अनुसार, एनआईटी फरीदाबाद की फ्रंटियर कॉलोनी में रहने वाले रवि ने बृहस्पतिवार रात शिकायत दर्ज कराई जिसमें कहा कि रात करीब 8:30 बजे उसकी चाची ने फोन करके बताया कि उसके चाचा मुकेश कुमार को करण अपने साथ ले गया है और वह घर नहीं लौटे हैं।

पुलिस ने बताया कि परिजनों ने मुकेश की तलाश की और बाद में उसका शव नंगला-गुजरान रोड पर मिला। उसने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सारण थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और हत्या के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “पूछताछ के दौरान, आरोपी करण ने बताया कि वह मुकेश की बेटी से परिचित था और दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। मुकेश उसे अपनी बेटी से मिलने से रोक रहा था और इस बात पर उनके बीच पहले भी कहा-सुनी हो चुकी थी। इसके बाद उसने मुकेश की हत्या करने की साजिश रची।”

उन्होंने कहा कि करण कथित तौर पर बृहस्पतिवार शाम को मुकेश को किसी बहाने से नंगला-गुजरान रोड पर ले गया जहां उसके साथ मारपीट की और गला घोंटकर उसकी हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में