मनजिंदर सिरसा ने सिख मंत्री को ‘गद्दार’ कहने को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की
मनजिंदर सिरसा ने सिख मंत्री को 'गद्दार' कहने को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की
नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार’ कहे जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की।
सिरसा ने इसे सिख समुदाय का अपमान बताया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से गांधी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिरसा ने कहा कि गांधी द्वारा एक सिख नेता के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा ‘बिल्कुल अस्वीकार्य’ थी।
संसद के मकर द्वार के बाहर बुधवार पूर्वाह्न गांधी और बिट्टू के बीच तीखी बहस हुई थी।
कांग्रेस द्वारा जारी किए गए वीडियो में गांधी, बिट्टू को ‘गद्दार’ कहते हुए सुने जा सकते हैं, वहीं मंत्री ने पलटवार करते हुए ‘देश का दुश्मन’ कहा।
सिख समुदाय से संबंध रखने वाले बिट्टू तीन बार सांसद रहे हैं और रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।
सिरसा ने कहा, ‘एक सिख सरदार होता है जो कभी गद्दार नहीं हो सकता। अगर कोई गद्दार है तो वह गांधी परिवार है।’ उन्होंने कांग्रेस पर सिखों का बार-बार अपमान करने का आरोप लगाया।
पर्यावरण मंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष से विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया।
पंजाब के दिवंगत मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते बिट्टू 2024 में भाजपा में शामिल होने से पहले लुधियाना और आनंदपुर साहिब से कांग्रेस सांसद थे।
भाषा शुभम सुभाष
सुभाष

Facebook


