मेघालय के मुख्यमंत्री, मिजोरम की विपक्षी पार्टी ने मणिपुर में हुए हमले की निंदा की
मेघालय के मुख्यमंत्री, मिजोरम की विपक्षी पार्टी ने मणिपुर में हुए हमले की निंदा की
शिलांग/आइजोल, 13 मई (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने बुधवार को मणिपुर में बैपटिस्ट चर्च के पदाधिकारियों की हत्या की निंदा करते हुए इस हमले को ‘‘हिंसा का एक संवेदनहीन कृत्य’’ करार दिया और दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
मिजोरम के मुख्य विपक्षी दल, मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने भी पड़ोसी राज्य के कांगपोकपी जिले में हुई हत्या की निंदा की और दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की।
मेघालय और मिजोरम दोनों ही पूर्वोत्तर क्षेत्र के ईसाई बहुसंख्यक राज्य हैं।
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में बुधवार को संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में चर्च के तीन पदाधिकारियों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना कोट्जिम और कोटलेन गांवों के बीच उस समय घटी जब थाडौ बैपटिस्ट एसोसिएशन (टीबीए) के सदस्य एक धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद चुराचांदपुर से लौट रहे थे।
मेघालय के मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘पीड़ित कुकी बैपटिस्ट समुदाय के सम्मानित सदस्य थे और मणिपुर बैपटिस्ट कन्वेंशन और ‘कुकी चर्च लीडर्स फोरम’ से जुड़े थे। उन्होंने अपना जीवन आध्यात्मिक मार्गदर्शन, शांति निर्माण और मानवता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया था।’’
संगमा ने कहा कि यह क्रूर और कायरतापूर्ण हत्या बेहद परेशान करने वाली और किसी भी सभ्य समाज में पूरी तरह अस्वीकार्य है।
एनपीपी प्रमुख ने शोक संतप्त परिवारों और कुकी बैपटिस्ट समुदाय के प्रति एकजुटता व्यक्त की और घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
भाषा
देवेंद्र प्रशांत
प्रशांत

Facebook


