कोलकाता में आत्महत्या के दो प्रयासों के कारण मेट्रो सेवाएं दो बार बाधित हुईं

कोलकाता में आत्महत्या के दो प्रयासों के कारण मेट्रो सेवाएं दो बार बाधित हुईं

कोलकाता में आत्महत्या के दो प्रयासों के कारण मेट्रो सेवाएं दो बार बाधित हुईं
Modified Date: June 27, 2026 / 07:46 pm IST
Published Date: June 27, 2026 7:46 pm IST

कोलकाता, 27 जून (भाषा) कोलकाता मेट्रो रेलवे के व्यस्त दक्षिणेश्वर-कवि सुभाष खंड पर यात्रियों द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या की दो कोशिशों के कारण मेट्रो सेवाएं दो बार बाधित हुईं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, ‘ब्लू लाइन’ पर ये घटनाएं बेलगछिया स्टेशन और कालीघाट स्टेशन पर हुईं।

अधिकारी ने बताया, ‘अपराह्न 3:09 बजे बेलगछिया मेट्रो स्टेशन पर ‘डाउन लाइन’ पर आत्महत्या की कोशिश के कारण गिरीश पार्क और शहीद खुदीराम स्टेशनों के बीच सीमित सेवाएं संचालित की गईं। तुरंत बचाव अभियान चलाया गया और ‘ब्लू लाइन’ के पूरे मार्ग पर सामान्य सेवाएं अपराह्न 3:56 बजे बहाल हुईं।’

मेट्रो रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि यह व्यवधान 45 मिनट से अधिक समय तक रहा।

उन्होंने बताया कि इससे पहले, सुबह करीब 7:20 बजे कालीघाट मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री ने कथित तौर पर पटरियों पर कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।

बचाव अभियान को सुगम बनाने के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इस दौरान, मैदान और दक्षिणेश्वर तथा टालीगंज और शहीद खुदीराम स्टेशनों के बीच ट्रेन चलीं, जबकि रवींद्र सदन और रवींद्र सरोवर के बीच सेवाएं बंद रही।

प्रवक्ता ने बताया कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद सुबह सात बजकर 50 मिनट पर प्रभावित मार्ग पर सेवाएं बहाल हुई।

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों लोगों को बचाया गया और पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने कहा, ‘इन घटनाओं को आत्महत्या की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। मेट्रो रेलवे के कर्मचारियों की मदद से यात्रियों को तुरंत बचाया गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनकी पहचान की पुष्टि की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।’

भाषा राखी दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में