पंजाब के होशियारपुर में प्रवासी श्रमिक की चाकू से वार कर हत्या
पंजाब के होशियारपुर में प्रवासी श्रमिक की चाकू से वार कर हत्या
होशियारपुर, 19 जून (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में हाजीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित भट्ठे पर शुक्रवार को 33 वर्षीय एक प्रवासी महिला की उसके पति ने कथित तौर पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृत महिला की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी ज्योति के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना हाजीपुर थाना क्षेत्र के दागन गांव में रात करीब दो बजे हुई, जब किसी बात को लेकर ज्योति का अपने पति लक्ष्मी नारायण से विवाद हो गया था।
गुस्से में आकर पति ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भट्ठे पर प्रवासी मजदूर रहते हैं, जहां एक महिला की हत्या कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि सबूत इकट्ठा करने और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को अपराध स्थल पर बुलाया गया। उन्होंने बताया कि हत्या के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है।
भाषा खारी दिलीप
दिलीप

Facebook


