मोगा नगर आयुक्त को ‘अस्वीकार्य’ स्वच्छता मानकों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी

मोगा नगर आयुक्त को ‘अस्वीकार्य’ स्वच्छता मानकों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी

मोगा नगर आयुक्त को ‘अस्वीकार्य’ स्वच्छता मानकों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी
Modified Date: June 23, 2026 / 06:48 pm IST
Published Date: June 23, 2026 6:48 pm IST

चंडीगढ़, 23 जून (भाषा) पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार को मोगा शहर के औचक निरीक्षण के दौरान कथित रूप से खराब सफाई व्यवस्था पाए जाने पर नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने मोगा शहर में जमीनी निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों से बातचीत की और शहर के विभिन्न हिस्सों में खुले में पड़े कूड़े के ढेर देखे, जो राज्य सरकार के ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान के तहत निर्धारित स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करते पाए गए।

बैंस ने एक बयान में कहा, ‘‘स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही के प्रति बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की नीति है। आज मोगा में मेरे निरीक्षण से स्पष्ट हो गया कि पंजाब के लोग इससे बेहतर व्यवस्था के हकदार हैं और जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, कमियों को दूर कर रहे हैं और प्रयासों को और तेज कर रहे हैं। यही ‘मिशन क्लीन पंजाब’ का मूल उद्देश्य है।’’

बैंस इस महीने शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ और स्वच्छता अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं।

इस पहल के तहत सभी नगर निकाय अधिकारियों के लिए प्रतिदिन सुबह सात बजे से आठ बजे तक क्षेत्रीय निरीक्षण अनिवार्य किया गया है। प्रत्येक शहर को 10 किलोमीटर के क्षेत्रों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक क्षेत्र की निगरानी के लिए एक समर्पित अधिकारी नियुक्त किया गया है, ताकि जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

मंत्री ने कहा कि यह मिशन केवल सरकारी फाइल के माध्यम से नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष प्रशासनिक हस्तक्षेप और जमीनी कार्रवाई के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘शहरों में औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।’’

भाषा

अमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में