वैकल्पिक विषय में अधिक अंक, निबंध में शून्य: सहायक प्रोफेसर परीक्षा परिणामों की जांच की मांग

वैकल्पिक विषय में अधिक अंक, निबंध में शून्य: सहायक प्रोफेसर परीक्षा परिणामों की जांच की मांग

वैकल्पिक विषय में अधिक अंक, निबंध में शून्य: सहायक प्रोफेसर परीक्षा परिणामों की जांच की मांग
Modified Date: June 27, 2026 / 02:56 pm IST
Published Date: June 27, 2026 2:56 pm IST

चेन्नई, 27 जून (भाषा) पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के नेता अंबुमणि रामदास ने शनिवार को सरकारी महाविद्यालयों में 2,700 से अधिक सहायक प्राध्यापकों की भर्ती परीक्षा के हाल ही में घोषित परिणामों पर गंभीर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि मूल्यांकन प्रक्रिया ‘‘सुनियोजित धांधली’’ प्रतीत होती है। उन्होंने सरकार से मामले की जांच कराने की मांग की।

अंबुमणि ने कहा, ‘‘यह पूरी तरह हैरान करने वाला है कि वैकल्पिक विषय (पेपर-1 वस्तुनिष्ठ) में 111 अंक (74 प्रतिशत) तक हासिल करने वाले कई अभ्यर्थियों को पेपर-2 (निबंध) में शून्य अंक दिए गए हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उच्च अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को शून्य और कम अंक पाने वालों को 98 प्रतिशत अंक दिया जाना स्वाभाविक परिणाम नहीं लगता। इससे स्पष्ट रूप से ऐसा प्रतीत होता है कि मेधावी अभ्यर्थियों को बाहर करने और कम अंक पाने वालों को लाभ पहुंचाने का सुनियोजित प्रयास किया गया है। यह कोई अनजाने में हुई चूक नहीं, बल्कि एक सुविचारित धांधली लगती है।’’

उन्होंने एक बयान में तमिलनाडु शिक्षक भर्ती बोर्ड (टीआरबी) की आलोचना करते हुए कहा कि उसने परीक्षा में शामिल हुए हजारों पीएचडी अभ्यर्थियों के बीच घबराहट और भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है।

इस परीक्षा के परिणाम कुछ दिन पहले ही घोषित किए गए थे।

पीएमके नेता ने तमिलनाडु के सरकारी कला एवं विज्ञान महाविद्यालयों के 48 विभागों में 2,708 सहायक प्राध्यापकों के रिक्त पदों को भरने के लिए आयोजित प्रतियोगी परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने तमिलनाडु सरकार से आग्रह किया कि वह तत्काल आधिकारिक जांच के आदेश दे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये विसंगतियां प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम हैं या व्यवस्थित भ्रष्टाचार का।

उन्होंने यह भी मांग की कि जांच पूरी होने तक भर्ती प्रक्रिया की आगे की सभी कार्यवाहियों पर रोक लगाई जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य की रक्षा की जा सके।

भाषा गोला सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में