वैष्णो देवी यात्रा में जून तक 50 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री पहुंचे
वैष्णो देवी यात्रा में जून तक 50 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री पहुंचे
जम्मू, 23 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित पवित्र गुफा मंदिर श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा ने 22 जून को 50 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार कर इस साल एक अहम उपलब्धि हासिल की है।
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पिछले साल इसी अवधि में तीर्थस्थल पर आने वाले 39.84 लाख दर्शनार्थियों की तुलना में यह 27.3 प्रतिशत से अधिक की उल्लेखनीय वृद्धि है।
श्राइन बोर्ड के एक प्रवक्ता ने कहा, “साल 2025 की इसी अवधि में लगभग 39.84 लाख तीर्थयात्रियों ने इस पवित्र मंदिर के दर्शन किए थे, जबकि इस साल यात्रा में 50.70 लाख तीर्थयात्री आए हैं, जो 10.86 लाख श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है।”
उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की संख्या में हुई जबरदस्त बढ़ोतरी, देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की इस पवित्र तीर्थ-स्थल के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा का प्रमाण है।
प्रवक्ता ने कहा, “तीर्थयात्रियों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा की गई व्यवस्थाओं और यात्रा के प्रबंधन से जुड़े सभी पक्षों के आपसी सहयोग पर श्रद्धालुओं के भरोसे को भी दर्शाती है।”
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में, श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं के लिए तीर्थयात्रा के अनुभव को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए व्यापक उपाय किए हैं।
उन्होंने कहा, “बुनियादी ढांचे, ठहरने की सुविधाओं, साफ-सफाई, भीड़ प्रबंधन प्रणालियों, स्वास्थ्य सेवाओं, बैटरी कार संचालन, रोपवे सेवाओं, आपदा प्रबंधन की तैयारियों और डिजिटल पहलों में लगातार सुधार से तीर्थयात्रियों की सुविधा और कुल मिलाकर सेवा वितरण में काफी बेहतरी आई है।”
प्रवक्ता ने कहा कि साल की इस अवधि तक 50 लाख का आंकड़ा पार करना श्रद्धालुओं के बीच बढ़ते उत्साह को दर्शाता है और साल के बाकी महीनों में यात्रा की निरंतर प्रगति के लिए शुभ संकेत है।
भाषा
प्रशांत माधव
माधव

Facebook


