वर्ष 2026 की पहली छमाही में मल्टीप्लेक्स की बॉक्स ऑफिस कमाई 21 प्रतिशत बढ़ी: एमएआई

वर्ष 2026 की पहली छमाही में मल्टीप्लेक्स की बॉक्स ऑफिस कमाई 21 प्रतिशत बढ़ी: एमएआई

वर्ष 2026 की पहली छमाही में मल्टीप्लेक्स की बॉक्स ऑफिस कमाई 21 प्रतिशत बढ़ी: एमएआई
Modified Date: July 2, 2026 / 03:27 pm IST
Published Date: July 2, 2026 3:27 pm IST

नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) भारत के मल्टीप्लेक्स में वर्ष 2026 की पहली छमाही के दौरान बॉक्स ऑफिस पर कमाई में साल-दर-साल आधार पर 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह बढ़ोतरी कई सफल फिल्मों की रिलीज से बने सकारात्मक माहौल के कारण संभव हुई। मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमएआई) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एमएआई ने एक बयान में कहा कि दोहरे अंकों की यह वृद्धि सिनेमाघरों के प्रति दर्शकों के लगातार मजबूत भरोसे और सिनेमाघरों में फिल्म देखने के अनुभव की लोकप्रियता को दर्शाती है। विभिन्न भाषाओं और शैलियों की आकर्षक फिल्मों ने इस वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

एसोसिएशन ने कहा कि, यह वृद्धि हिंदी, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की सफल रिलीज के साथ-साथ महानगरों के अलावा टियर-दो और टियर-तीन शहरों में भी दर्शकों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण हुई। एमएआई का दावा है कि वह देश की 11 प्रमुख मल्टीप्लेक्स शृंखलाओं का प्रतिनिधित्व करती है, जो 550 से अधिक मल्टीप्लेक्स और 3,000 से ज्यादा स्क्रीन संचालित करती हैं।

इसमें कहा गया है, ‘इस सकारात्मक माहौल में कई बेहतरीन फिल्मों का योगदान रहा, जिनमें बॉर्डर 2, धुरंधर 2, प्रोजेक्ट हेल मैरी, माइकल, भूत बंगला, ऑब्सेशन, राजा शिवाजी, करुप्पु, मैं वापस आऊंगा, कॉकटेल 2 और वेलकम टू द जंगल जैसी कई सफल फिल्में शामिल हैं, जिन्होंने देश भर में दर्शकों को सिनेमाघरों तक वापस खींचा।’

एमएआई के अध्यक्ष कमल ज्ञानचंदानी ने कहा कि ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी, मौलिक कहानियों, क्षेत्रीय सिनेमा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्मों की रिलीज का संतुलित मिश्रण देशभर के दर्शकों को पसंद आया है।

उन्होंने कहा, ‘साल-दर-साल आधार पर 21 प्रतिशत की वृद्धि इस बात का मजबूत संकेत है कि दर्शक आज भी सिनेमाघरों के तल्लीन करने वाले सामूहिक अनुभव को महत्व देते हैं।’

भाषा

शुभम वैभव

वैभव


लेखक के बारे में