नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने की सराहना की

नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने की सराहना की

नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने की सराहना की
Modified Date: May 13, 2026 / 08:08 pm IST
Published Date: May 13, 2026 8:08 pm IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने की सराहना करते हुए बुधवार को कहा कि यह कदम देश के ‘‘प्रधान सेवक’’ के रूप में उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और लोगों को संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने ईंधन से चलने वाले वाहनों के उपयोग में कमी लाने और मितव्ययिता उपाय अपनाने की अपील करने के कुछ दिन बाद अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या काफी कम कर दी है।

प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इसी तरह का कदम उठाया है और अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या कम कर दी है।

नवीन ने यह भी घोषणा की कि वह अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करेंगे।

भाजपा प्रमुख ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करके एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वह ‘‘राष्ट्र के सच्चे सेवक’’ हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जब नेतृत्व स्वयं एक उदाहरण प्रस्तुत करता है, तो वह एक जन आंदोलन बन जाता है।’’

वैश्विक चुनौतियों और संरक्षण की आवश्यकता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संसाधनों का विवेकपूर्ण ढंग से इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक चुनौतियों के बीच, संसाधनों का उचित इस्तेमाल बहुत महत्वपूर्ण है। मोदी जी की पहल से प्रेरणा लेते हुए, मैं भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर रहा हूं और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में कई अन्य कदम उठा रहा हूं।’’

नवीन ने लोगों से संसाधनों का विवेकपूर्ण ढंग से इस्तेमाल सुनिश्चित करके राष्ट्रीय हित में योगदान देने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘आइए हम सब मिलकर संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें और राष्ट्रीय हित में योगदान दें।’’

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री की हालिया घरेलू यात्राओं के दौरान उनके काफिले में शामिल वाहनों की संख्या कम की गई है।

हैदराबाद में रविवार को मितव्ययिता उपायों के संबंध में दिए गए प्रधानमंत्री के भाषण के तुरंत बाद गुजरात और असम में उनके काफिले में कारों की संख्या को कम कर दिया गया।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में