भारतीय महिला हॉकी प्लेयर की संदिग्ध हालत में मौत
भारतीय महिला हॉकी प्लेयर की संदिग्ध हालत में मौत
भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी ज्योति गुप्ता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। ज्योति का शव हरियाणा के रेवाड़ी में पटरियों पर मिला। सोनीपत निवासी अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ज्योति गुप्ता का शव बुधवार रात रोहतक रेल लाइन पर पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार ज्योति बुधवार सुबह ही महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक जाने के लिए घर से निकली थी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ज्योति रेवाड़ी कैसे पहुंची। परिजन ज्योति की मौत को आत्महत्या मानने के लिए तैयार नहीं हैं।
बुधवार रात करीब दस बजे राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना मिली कि रोहतक रेल लाइन पर फ्लाईओवर के निकट एक युवती का शव पड़ा है। इस पर एएसआइ उमेद सिंह और एएसआइ उर्मिला देवी मौके पर पहुंचे। शव के निकट एक हैंड बैग और मोबाइल पड़ा था। पुलिस ने मोबाइल के आधार पर शव की शिनाख्त का प्रयास किया। देर रात मोबाइल पर परिजनों की कॉल आने पर शव की शिनाख्त सोनीपत के विजयनगर वार्ड नंबर-25 निवासी ज्योति गुप्ता (21) पुत्री प्रमोद गुप्ता के रूप में हुई।
बृहस्पतिवार सुबह ज्योति के पिता प्रमोद गुप्ता, मां बबली व कोच अनिल कुमार अन्य परिजनों के साथ रेवाड़ी पहुंचे। प्रमोद गुप्ता ने बताया कि ज्योति बीए कर चुकी थी। बुधवार सुबह उसने बताया था कि उसके सर्टिफिकेट में दर्ज नाम में गलती है, उसे ठीक कराने के लिए एमडीयू रोहतक जा रही है।

Facebook


