एनडीएमसी नेहरू पार्क की झील को जैव-उपचार विधियों से साफ करेगी
एनडीएमसी नेहरू पार्क की झील को जैव-उपचार विधियों से साफ करेगी
नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) बुनियादी ढांचा रखरखाव कार्यों के हिस्से के रूप में जैव-उपचार और जलीय पौधों के रखरखाव के माध्यम से चाणक्यपुरी स्थित नेहरू पार्क की झील की सफाई करने के लिए तैयार है।
नगर निकाय ने 15 मई को ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की हैं और कहा है कि इस विशेष रखरखाव कार्य का उद्देश्य आठ महीने की अवधि में जैव-उपचार के माध्यम से नेहरू पार्क के जलाशय का निरंतर रखरखाव करना है।
अधिकारियों के अनुसार, शैवाल के जमा होने के कारण झील के पानी की गुणवत्ता खराब हो जाती है।
निविदा दस्तावेज के अनुसार, जिस एजेंसी को चुना जाएगा वह झील की नियमित सफाई, तैरते हुए कचरे को हटाने, जलीय पौधों के रखरखाव और गाद तथा अन्य प्रकार के प्रदूषण का उपचार करेगी।
इस काम में पानी को शुद्ध करने और गाद हटाने के लिए तरल जैविक एजेंट और शैवाल को हटाने वाले उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। झील के फव्वारों में शैवाल को बढ़ने से रोकने के लिए हर महीने एक प्राकृतिक रसायन का उपयोग किया जाएगा।
यह निविदा विशेष एजेंसियों के साथ-साथ एनडीएमसी के अनुमोदित ठेकेदारों और केंद्रीय लोक निर्माण विभाग, ‘एमईएस’, ‘बीएसएनएल’, रेलवे, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली लोक निर्माण विभाग, दिल्ली नगर निगम तथा दिल्ली जल बोर्ड के पात्र ठेकेदारों के लिए खुली है।
इस कार्य की अनुमानित लागत 9,35,477 रुपये तय की गई है जबकि बयाना राशि 18,710 रुपये निर्धारित की गई है। सफल बोलीदाता को निविदा राशि के 2.5 प्रतिशत के बराबर सुरक्षा राशि जमा करानी होगी।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


