नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के तार गुरुग्राम के डॉक्टर से जुड़े, पुलिस कर रही जांच
नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के तार गुरुग्राम के डॉक्टर से जुड़े, पुलिस कर रही जांच
गुरुग्राम, 12 मई (भाषा) नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि प्रश्नपत्र की एक प्रति को कथित रूप से नासिक की एक प्रिंटिंग प्रेस से लीक करके गुरुग्राम के एक डॉक्टर तक पहुंचाया गया था। हालांकि,उन्होंने कहा कि मामला अभी जांच के अधीन है।
इस संबंध में पूछे जाने पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गुरुग्राम के अध्यक्ष डॉ. राजेश कटारिया ने कहा, ‘‘गुरुग्राम के एक डॉक्टर’’ की संलिप्तता की खबरें प्रसारित हो रही हैं लेकिन किसी भी जांच एजेंसी ने अब तक स्थानीय चिकित्सा संस्था से आधिकारिक तौर पर संपर्क नहीं किया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुरुग्राम के एक डॉक्टर को कथित तौर पर लीक हुए प्रश्नपत्र की प्रति मिली है, लेकिन यह मामला अभी जांच के अधीन है।
प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच तीन मई को हुई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक मंगलवार को रद्द कर दी गई। सरकार द्वारा अनियमितताओं की व्यापक जांच का निर्देश दिए जाने के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने प्राथमिकी दर्ज की है।
मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित करने वाली राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कहा कि परीक्षा की नयी तिथियों की घोषणा अगले सात से दस दिनों में कर दी जाएगी।
भाषा सुरभि संतोष
संतोष

Facebook


