राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में तीन दिन के भीतर नीलगाय और सियार की मौत

राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में तीन दिन के भीतर नीलगाय और सियार की मौत

राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में तीन दिन के भीतर नीलगाय और सियार की मौत
Modified Date: March 14, 2026 / 08:55 pm IST
Published Date: March 14, 2026 8:55 pm IST

नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) दिल्ली के राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में तीन दिन के भीतर एक नर नीलगाय और एक सियार की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 10 मार्च और 12 मार्च को दोनों जानवरों की मौत हो गई। पिछले कुछ महीनों में इसी तरह की घटनाएं सामने आने के बाद पशुओं के स्वास्थ्य और निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं पर ध्यान गया है।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि नीलगाय उद्यान के ‘बीट नंबर-1’ में मृत पाई गई, जबकि सियार के ‘बीट नंबर-10’ में मृत पाए जाने की सूचना मिली।

प्राणी उद्यान के निदेशक संजीत कुमार ने कहा कि दोनों पशुओं की मौत वृद्धावस्था के कारण हुई है।

उन्होंने कहा कि दोनों जानवर निगरानी में थे और शुरुआती जांच में उम्र से जुड़ी जटिलताओं का संकेत मिला है।

ये घटनाएं चिड़ियाघर में पिछले तीन महीनों के भीतर हुई अन्य मौतों के बाद सामने आई हैं, जिनमें एक मादा हिरण, एक सियार और एक संगाई हिरण की मौत शामिल है।

इस महीने की शुरुआत में एक नर संगाई हिरण की भी इसी परिसर में मौत हो गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि उस जानवर के पिछले पैर में प्लास्टर लगा था और उसे लगातार निगरानी तथा पशु चिकित्सा देखभाल की जरूरत थी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की शुरुआत में एक मादा हिरण की मौत भी दर्ज की गई थी।

भाषा राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में