नितिन नवीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं से तेलंगाना में ‘डबल इंजन’ सरकार के लिए जुटने का आह्वान किया
नितिन नवीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं से तेलंगाना में ‘डबल इंजन’ सरकार के लिए जुटने का आह्वान किया
(फाइल फोटो के साथ)
हैदराबाद, 28 जून (भाषा) राज्य गठन के 12 साल बाद भी तेलंगाना आंदोलन के लक्ष्य प्राप्त नहीं होने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार स्थापित करने के लिए जी-जान से जुटने का आह्वान किया।
तेलंगाना की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचे नवीन ने हैदराबाद से डिजिटल माध्यम से राज्य में भाजपा की नौ जिला इकाइयों के कार्यालयों का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि हैदराबाद और अन्य जगहों पर नगर निगम के आगामी चुनावों में भाजपा कार्यकर्ताओं को संघर्ष करना होगा। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनाव में पार्टी की जीत के लिए कड़ी मेहनत करने की अपील की।
नवीन ने कहा कि अगर ‘विकसित भारत’ का सपना सच करना है, तो तेलंगाना में भी कमल खिलना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी सरकार केंद्र की योजनाओं के जरिए तेलंगाना के लोगों की सेवा कर रही है। लेकिन, मुझे पता है कि जब तक ‘डबल इंजन’ सरकार नहीं बनती, तब तक तेलंगाना को विकास की उस राह पर नहीं लाया जा सकता, जिसके लिए राज्य का सपना देखा गया था।’’
भाजपा अध्यक्ष ने याद दिलाया कि जब 1984 में लोकसभा में पार्टी की सिर्फ़ दो सीट थीं, तो उनमें से एक तेलंगाना से थी। उन्होंने इस धारणा को खारिज किया कि भाजपा इस राज्य के लिए बाहरी पार्टी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा धीरे-धीरे देश के हर राज्य में जीत रही है तथा वह दिन दूर नहीं जब पार्टी तेलंगाना में भी कामयाब होगी।
नवीन ने कहा कि भाजपा ने पिछली बीआरएस सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, लेकिन इसका फायदा कांग्रेस को मिला।
कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी हमेशा लोगों के हितों से समझौता करती है।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस को सिर्फ़ भाजपा के कार्यकर्ता ही हरा सकते हैं।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता का उदाहरण देते हुए, नवीन ने पार्टी महासचिव सुनील बंसल से तेलंगाना में दोगुनी कोशिश करने की अपील की।
बंसल ने बंगाल में भाजपा के अभियान में अहम भूमिका निभाई थी।
नवीन ने दो जून को दिल्ली में तेलंगाना स्थापना दिवस समारोह में अपनी भागीदारी को याद करते हुए कहा कि जिस सपने के लिए राज्य का दर्जा हासिल किया गया था, वह पूरा नहीं हुआ है।
नवीन ने ‘‘तेलंगाना के गठन में दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज की भूमिका को भी याद किया, जिन्होंने संसद में इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाया था।’’
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


