अपहरण का कोई प्रयास नहीं, वायरल वीडियो का संबंध लापरवाही से गाड़ी चलाने से: पुलिस

अपहरण का कोई प्रयास नहीं, वायरल वीडियो का संबंध लापरवाही से गाड़ी चलाने से: पुलिस

अपहरण का कोई प्रयास नहीं, वायरल वीडियो का संबंध लापरवाही से गाड़ी चलाने से: पुलिस
Modified Date: March 25, 2026 / 10:42 pm IST
Published Date: March 25, 2026 10:42 pm IST

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बुधवार को स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर बच्चों के अपहरण के प्रयास का दावा करने वाला वायरल वीडियो पूरी तरह से गलत है और यह मामला वास्तव में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में लापरवाही से वाहन चलाने से संबंधित है।

वायरल वीडियो को एक बाइक सवार द्वारा हेड-माउंटिड (सिर पर लगे) कैमरे से शूट किया गया, जिसमें दिख रहा है कि चलती ई-रिक्शा से बच्चों के गिरने के बाद बाइक सवारों का एक समूह उसका पीछा कर रहा है।

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आरोप लगाया था कि ई-रिक्शा चालक बच्चों के अपहरण की कोशिश कर रहा था और ‘सतर्क बाइक सवारों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और अधिकारियों के हवाले कर दिया।’

फुटेज में यह भी दिखाया गया है कि घटना के बाद लोगों के एक समूह ने चालक को पकड़ा और उसकी पिटाई की।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि अपहरण के दावे झूठे हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना ई-रिक्शा और एक मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद हुई थी। आरोप है कि रिक्शा चालक ने विवाद से बचने के लिए मौके से भागने की कोशिश की, जिसके कारण बाइक सवार ने उसका पीछा किया।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के दौरान यात्री चलती ई-रिक्शा से कूद गए, जिससे अपहरण के प्रयास का भ्रामक आभास पैदा हुआ।

पुलिस ने बताया कि ई-रिक्शा चालक के खिलाफ लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने जनता से सोशल मीडिया पर असत्यापित दावों पर विश्वास न करने और ऐसे वीडियो साझा करने से पहले सावधानी बरतने का भी आग्रह किया है।

भाषा नोमान

नोमान सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में