श्रीनगर हवाई अड्डे से सोमवार को कोई भी वाणिज्यिक उड़ान संचालित नहीं होगी

श्रीनगर हवाई अड्डे से सोमवार को कोई भी वाणिज्यिक उड़ान संचालित नहीं होगी

श्रीनगर हवाई अड्डे से सोमवार को कोई भी वाणिज्यिक उड़ान संचालित नहीं होगी
Modified Date: July 6, 2026 / 03:04 pm IST
Published Date: July 6, 2026 3:04 pm IST

श्रीनगर, छह जुलाई (भाषा) श्रीनगर हवाई अड्डे से सोमवार को कोई भी वाणिज्यिक उड़ान संचालित नहीं होगी क्योंकि पिछले सप्ताह ‘नोटम’ (विमान संचालन संबंधी सूचना) हटाए जाने के बाद विमानन कंपनी उड़ानों का नियमित संचालन बहाल करने में जुटी हैं। हवाई अड्डा अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को रनवे पूरी तरह बंद रखने को लेकर पहले जो ‘नोटम’ प्रस्तावित किया गया था, उसे अब वापस ले लिया गया है। इस फैसले से दिन के समय विमानों का संचालन बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा।

श्रीनगर हवाई अड्डे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘संबंधित विमानन कंपनियों द्वारा की गई पुष्टि के अनुसार, आज श्रीनगर से किसी भी व्यावसायिक उड़ान का संचालन निर्धारित नहीं है।’

श्रीनगर हवाई अड्डे ने कहा, ‘सोमवार और मंगलवार के लिए प्रस्तावित नोटम वापस लिए जाने के बाद विमानन कंपनियां संशोधित परिचालन व्यवस्था के अनुसार अपनी उड़ानों का कार्यक्रम दोबारा तय करने और उसे बहाल करने की प्रक्रिया में हैं। इस प्रक्रिया में कुछ समय लग सकता है।’

हवाई अड्डे ने कहा कि विमानन कंपनियां जैसे ही अपने संशोधित उड़ान कार्यक्रमों को अंतिम रूप देंगी, उसके बाद उड़ानों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

श्रीनगर हवाई अड्डा ने यात्रियों से कहा कि वह हवाई अड्डा आने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति का संबंधित विमानन कंपनी से पता कर लें और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में