नासिक मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा : फडणवीस
नासिक मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा : फडणवीस
कोलकाता, 17 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार को नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की एक इकाई में कथित यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण में शामिल मॉड्यूल का भंडाफोड़ किये जाने का पूरा भरोसा है।
फडणवीस ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बहुराष्ट्रीय कंपनी (एमएनसी) ने ‘‘इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान दिया है और जांच में सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक गंभीर मामला है। हम इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ करेंगे। हम केंद्रीय एजेंसियों से भी मदद ले रहे हैं।’’
आईटी फर्म द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इसमें शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’’
फडणवीस इस समय भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने के वास्ते पश्चिम बंगाल में हैं।
मुंबई से आई एक रिपोर्ट में, महाराष्ट्र पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया था कि मामले की जांच से पता चलता है कि सात पुरुष आरोपी एक संगठित गिरोह की तरह महिला कर्मचारियों को निशाना बनाते थे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस ने आरोपों के संबंध में नौ मामले दर्ज किए हैं।
अब तक सात कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से छह पुरुष बहुराष्ट्रीय कंपनी की नासिक इकाई में काम करते हैं और एक महिला एचआर प्रबंधक हैं। एक महिला आरोपी फरार है।
भाषा देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


