देवेगौड़ा के राज्यसभा चुनाव में उतरने के मुद्दे पर नहीं हुई कोई चर्चा: राधा मोहन दास अग्रवाल
देवेगौड़ा के राज्यसभा चुनाव में उतरने के मुद्दे पर नहीं हुई कोई चर्चा: राधा मोहन दास अग्रवाल
बेंगलुरु, 23 अप्रैल (भाषा) भाजपा में कर्नाटक मामलों के प्रभारी महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्यसभा चुनाव में जनता दल सेक्युलर (जदएस) सुप्रीमो एच डी देवेगौड़ा को मैदान में उतारने पर कोई चर्चा नहीं हुई है।
उन्होंने गौड़ा की उम्मीदवारी को लेकर भाजपा के भीतर किसी भी विरोध की संभावना को भी खारिज कर दिया।
पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा 26 जून, 2020 को राज्यसभा के लिए चुने गए थे और उनका कार्यकाल इस साल जून में समाप्त होने वाला है।
समझा जाता है कि भाजपा की सहयोगी पार्टी जदएस 90 वर्षीय नेता देवेगौड़ा को फिर राज्यसभा भेजने को इच्छुक है।
अग्रवाल ने कहा, ‘‘नहीं, भाजपा की ओर से कोई विरोध नहीं हुआ है। स्थानीय भाजपा ऐसे मामलों पर निर्णय नहीं लेती है। मैं यहां प्रभारी हूं, इसलिए मुझे पता है। यह निर्णय केंद्र सरकार, केंद्रीय इकाई और राष्ट्रीय भाजपा द्वारा लिया जाता है। फिलहाल इस संबंध में कोई विशेष चर्चा नहीं हुई है और न ही किसी विशेष नाम पर कोई विचार-विमर्श हुआ है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या देवेगौड़ा ने संसद के उच्च सदन में अपने निर्वाचन के सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात की है तो भाजपा महासचिव ने कहा, ‘‘ देवेगौड़ा एक बहुत ही सुलझे हुए और अनुभवी नेता हैं, जो मोदी से अक्सर मिलते हैं क्योंकि उनके बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। वह (अच्छे संबंध) एक अलग मामला है। जब राज्यसभा सीट के संबंध में बैठक होगी, तब हमारा संगठन सामूहिक निर्णय लेगा—वह एक अलग मुद्दा है।’’
जब पत्रकारों ने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा के बारे में हो रही चर्चा की ओर इशारा किया, तो भाजपा महासचिव ने कहा कि वह (येदियुरप्पा) न केवल पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, बल्कि पूरे कर्नाटक के नेता हैं।
अग्रवाल ने कहा, “येदियुरप्पा के नेतृत्व में हमने 2008 में पहली बार सरकार बनाई थी। इसलिए हम उनके सम्मान और स्मृति में कई कार्यक्रम आयोजित करते हैं। इस उम्र में भी वह एक आम कार्यकर्ता की तरह हर बैठक में शामिल होते हैं और अपना पूरा समय देते हैं। पार्टी उनके प्रति आभारी है।”
विजयपुरा के विधायक बसनागौड़ा पाटिल यतनाल के निष्कासन को रद्द करने के सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि ऐसी कोई मांग नहीं है।
भाषा राजकुमार माधव
माधव

Facebook


