एनटीए ने परीक्षा अधिकारियों के लिए डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया
एनटीए ने परीक्षा अधिकारियों के लिए डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया
नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी सहित अपनी परीक्षाओं की निगरानी और पर्यवेक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ‘आईगॉट कर्मयोगी भारत’ मंच पर परीक्षा अधिकारियों के वास्ते एक विशेष डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है।
शनिवार को जारी एक बयान में एनटीए ने बताया कि ‘परीक्षा कर्मयोगी : परीक्षा अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम’ शीर्षक से तैयार किया गया यह कार्यक्रम परीक्षा संचालन से जुड़े कर्मियों की क्षमता बढ़ाने और ऑफलाइन, पारंपरिक लिखित परीक्षाओं के सुचारु, सुरक्षित तथा मानकीकृत संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाया गया है।
बयान के अनुसार, यह पाठ्यक्रम विशेष रूप से केंद्र के अधीक्षकों और निरीक्षकों सहित उन परीक्षा कर्मियों के लिए तैयार किया गया है, जो एनटीए द्वारा आयोजित परीक्षाओं, विशेषकर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) के संचालन में शामिल होते हैं।
कार्यक्रम में कुल चार मॉड्यूल शामिल हैं, जो परीक्षा की पूरी प्रक्रिया को कवर करते हैं।
पहला मॉड्यूल पाठ्यक्रम का परिचय देता है और परीक्षा कर्मियों की भूमिका को निष्पक्षता, पारदर्शिता और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के संदर्भ में समझाता है।
दूसरा मॉड्यूल परीक्षा से पूर्व की तैयारियों पर केंद्रित है, जिसमें परीक्षा केंद्र की तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन शामिल है।
तीसरा मॉड्यूल परीक्षा दिवस की गतिविधियों से संबंधित है, जिसमें चार चरणों – परीक्षा शुरू होने से पहले, परीक्षा के आरंभ में, परीक्षा के दौरान और परीक्षा समाप्त होने के बाद की प्रक्रियाओं का विवरण दिया गया है।
चौथा मॉड्यूल एक त्वरित संदर्भ मार्गदर्शिका के रूप में कार्य करता है, जिसमें प्रमुख निर्देशों और जिम्मेदारियों का संक्षिप्त पुनरावलोकन कराया गया है।
‘आई गॉट कर्मयोगी भारत’ मंच पर उपलब्ध यह पाठ्यक्रम देशभर के परीक्षा कर्मियों को मानकीकृत, स्व-गति आधारित प्रशिक्षण और मूल्यांकन-आधारित प्रमाणन की सुविधा प्रदान करता है। इस पहल का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों पर प्रक्रियागत अनुपालन, कार्यकुशलता और जवाबदेही को बढ़ाना है।
एनटीए ने कहा कि बड़े पैमाने पर आयोजित राष्ट्रीय परीक्षाओं के निष्पक्ष और सुचारु संचालन के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
गौरतलब है कि चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित नीट-यूजी परीक्षा इस वर्ष तीन मई को हुई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच 12 मई को एनटीए ने इसे रद्द कर दिया था। इस मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रहा है और परीक्षा दोबारा 21 जून को आयोजित की जानी है।
भाषा गोला दिलीप
दिलीप

Facebook


