एनटीए को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए, शिक्षा मंत्री को हटाया जाए: एनएसयूआई अध्यक्ष
एनटीए को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए, शिक्षा मंत्री को हटाया जाए: एनएसयूआई अध्यक्ष
नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने शनिवार को कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी’ में ‘धांधली’ की जिम्मेदारी केंद्र सरकार को लेनी चाहिए और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भी प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।
एनएसयूआई ने जाखड़ के नेतृत्व में नीट मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और मशाल जुलूस भी निकाला।
जाखड़ ने कहा, ‘अब तक तीन छात्र आत्महत्या जैसा दुखद कदम उठा चुके हैं, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी भ्रष्ट एनटीए और केंद्र सरकार को लेनी चाहिए।’
उन्होंने दावा किया, “केंद्र सरकार की लापरवाही और एनटीए की विफलता ने लाखों मेहनती छात्रों के सपनों को तोड़ने का काम किया है। वर्षों तक कठिन मेहनत करने वाले छात्र आज असुरक्षा, अव्यवस्था और मानसिक प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं। सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और देश का युवा अब जवाब मांग रहा है।”
उन्होंने कहा, “यह लड़ाई केवल नीट परीक्षा की नहीं, बल्कि देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को बचाने की लड़ाई है। जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, नीट घोटाले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक एनएसयूआई का आंदोलन पूरे देश में जारी रहेगा।”
जाखड़ ने कहा कि प्रधान को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
भाषा हक सुरेश
सुरेश

Facebook


