ओडिशा: भाजपा की जीत की दूसरी वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री माझी ने चार जून को ‘महत्वपूर्ण दिन’ बताया

ओडिशा: भाजपा की जीत की दूसरी वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री माझी ने चार जून को ‘महत्वपूर्ण दिन’ बताया

ओडिशा: भाजपा की जीत की दूसरी वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री माझी ने चार जून को ‘महत्वपूर्ण दिन’ बताया
Modified Date: June 4, 2026 / 12:50 pm IST
Published Date: June 4, 2026 12:50 pm IST

भुवनेश्वर, चार जून (भाषा) ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को चार जून को राज्य के राजनीतिक इतिहास में ‘महत्वपूर्ण तारीख’ करार दिया और राज्य को समृद्धि के शिखर तक ले जाने के लिए सभी से सहयोग का अनुरोध किया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और प्रशासनिक पारदर्शिता, उत्तरदायित्व व जन कल्याण को सर्वोच्च महत्व दिया जा रहा है।

माझी ने एक पोस्ट में कहा, “आज का दिन यानी चार जून, ओडिशा के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण और गौरवशाली दिन है। दो साल पहले, इसी दिन, आपने परिवर्तन के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में ऐतिहासिक और स्पष्ट मतदान किया था।”

उन्होंने कहा कि भाजपा के पक्ष में जनता के मतदान से राज्य में एक मजबूत सरकार का गठन हुआ और इसने लंबे समय से चले आ रहे गतिरोध को भी तोड़ा तथा एक स्वच्छ, समृद्ध व प्रगतिशील ओडिशा के निर्माण की नींव रखी।

माझी ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन और जन कल्याण नीति के आदर्शों का अनुसरण करती है।

उन्होंने कहा, “हमारी डबल इंजन सरकार ने केंद्र और राज्य के समन्वय से पिछले दो वर्षों में ओडिशा में विकास के एक नए युग की शुरुआत की है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “आपके अटूट विश्वास व भरोसे ने हमारे संकल्प को और भी मजबूत व सशक्त बनाया है। हम सेवा और विकास के माध्यम से ओडिशा को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।”

भाजपा ने चार जून, 2024 को हुए विधानसभा चुनाव में 147 में से 78 सीट पर जीत हासिल कर 12 जून, 2024 को राज्य में अपनी पहली सरकार बनाई थी।

बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि भले ही भाजपा ने संख्या बल से ओडिशा में सरकार बनाई हो लेकिन जनता आज भी नवीन पटनायक को ही अपना नेता मानती है।

वर्ष 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजद को 40.22 प्रतिशत जबकि भाजपा को 40.07 प्रतिशत मत मिले थे।

मिश्रा ने कहा, “जनता को नवीन जी और उनके नेतृत्व पर भरोसा है।”

उन्होंने कहा कि बीजू जनता दल ओडिशा में एक ‘जिम्मेदार’ विपक्षी दल की भूमिका निभा रहा है।

भाषा जितेंद्र मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में