ओडिशा: सरकारी अभियंता के ठिकानों पर छापेमारी, 15 भूखंडों और इमारतों का खुलासा, नकदी बरामद
ओडिशा: सरकारी अभियंता के ठिकानों पर छापेमारी, 15 भूखंडों और इमारतों का खुलासा, नकदी बरामद
भुवनेश्वर, 23 जून (भाषा) ओडिशा में एक सरकारी अभियंता के ठिकानों पर मंगलवार को की गई छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है, जिसमें 15 कीमती भूखंड और दो बहुमंजिला इमारतें शामिल हैं। इसके अलावा वहां से भारी मात्रा में नकदी भी बरामद की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा सतर्कता विभाग द्वारा यह छापेमारी संबलपुर संभाग के ‘कमांड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी’ (सीएडीए) में कार्यरत अधिशासी अभियंता पद्मलोचन नायक से जुड़े संबलपुर, कटक, बालेश्वर और मलकानगिरी जिलों के सात ठिकानों पर की गई।
उन्होंने बताया कि नायक के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई।
इस तलाशी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रैंक के चार अधिकारी, 13 निरीक्षक और सात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) शामिल थे।
अधिकारियों के मुताबिक, भूखंडों और इमारतों के अलावा नायक के ठिकानों से कुल 3.45 लाख रुपये की नकदी सहित श्रीलंका, नेपाल, बहरीन और अमेरिका की मुद्रा (विदेशी नोट) भी बरामद की गई है।
इसके साथ ही एक उत्खनन मशीन (एक्सकेवेटर), चार पहिया तीन वाहन और एक दोपहिया वाहन भी मिला है।
उन्होंने बताया कि बैंक और डाकघर जमा के साथ-साथ अन्य निवेशों के विवरण की जांच की जा रही है।
नायक जुलाई 1991 में 2,600 रुपये के वेतन पर कनिष्ठ कृषि अभियंता के रूप में सरकारी सेवा में शामिल हुए थे। उन्हें 2007 में सहायक कृषि अभियंता, 2019 में सहायक अधिशासी अभियंता और दिसंबर 2023 में अधिशासी अभियंता के रूप में पदोन्नत किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि वह तब से सीएडीए के संबलपुर संभाग में तैनात हैं।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


