ओडिशा का राजस्व निरीक्षक 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
ओडिशा का राजस्व निरीक्षक 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
भुवनेश्वर, 15 जुलाई (भाषा) ओडिशा के एक राजस्व निरीक्षक को जमीन के दाखिल-खारिज मामले में अनुकूल जांच रिपोर्ट देने के एवज में 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। सतर्कता विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने दाखिल-खारिज मामले में अनुकूल जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और पैतृक भूमि का अधिकार अभिलेख उसके नाम जारी कराने में मदद के लिए रिश्वत की मांग की थी।
आरोप है कि नियमों के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करने और निर्धारित शुल्क जमा करने के बावजूद रायगडा जिले के सिरिजहुली सर्किल के राजस्व निरीक्षक ने प्रक्रिया में जानबूझकर देरी की और 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी।
अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि साथ ही आरोपी की आय से अधिक संपत्ति का पता लगाने के लिए तीन स्थानों पर तलाशी शुरू की गई।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश

Facebook


