गुजरात के कार्यवाहक डीजीपी ने जन केंद्रित जनसंपर्क केंद्र का निरीक्षण किया

गुजरात के कार्यवाहक डीजीपी ने जन केंद्रित जनसंपर्क केंद्र का निरीक्षण किया

गुजरात के कार्यवाहक डीजीपी ने जन केंद्रित जनसंपर्क केंद्र का निरीक्षण किया
Modified Date: June 2, 2026 / 09:37 pm IST
Published Date: June 2, 2026 9:37 pm IST

गांधीनगर, दो जून (भाषा) गुजरात के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक के.एल.एन. राव ने मंगलवार को यहां पुलिस भवन स्थित जनसंपर्क केंद्र का निरीक्षण किया और इसके कामकाज की समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक नागरिकों की शिकायतों का निष्पक्ष और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए इस केंद्र की स्थापना इस वर्ष फरवरी में की गई थी।

विज्ञप्ति में राव के हवाले से कहा गया है कि यह केवल आवेदन स्वीकार करने वाला कार्यालय नहीं है, बल्कि गुजरात पुलिस की सुरक्षा, सेवा और विश्वास की भावना को व्यक्त करने का एक कुशल माध्यम है।

उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सभी नागरिक, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लोग, इस कार्यालय से इस उम्मीद और विश्वास के साथ आएं कि न्याय मिलेगा।

विज्ञप्ति के मुताबिक जनसंपर्क केंद्र ने नागरिकों को कई कार्यालयों में जाने की आवश्यकता को समाप्त करके शिकायत निवारण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया है।

इसमें कहा गया कि शिकायतें रिसेप्शन डेस्क पर दर्ज की जाती हैं और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा व्यक्तिगत रूप से सुनी जाती हैं। प्राप्त अभ्यावेदनों को कार्रवाई के लिए संबंधित जिला, शहर पुलिस इकाई या शाखा को अग्रेषित किया जाता है।

विज्ञप्ति के मुताबिक रिपोर्ट की समीक्षा उच्च अधिकारियों द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर की जाती है, जबकि दो स्तरीय प्रतिक्रिया तंत्र और नियमित टेलीफोन अपडेट के माध्यम से आवेदकों को उनके मामलों की प्रगति के बारे में सूचित किया जाता है।

इसके मुताबिक केंद्र ने दो फरवरी को काम करना शुरू किया और इसके बाद से उसने प्राप्त अधिकांश शिकायतों का सफलतापूर्वक समाधान किया है।

विज्ञप्ति में शिकायत निवारण का एक उदाहरण देते हुए कहा गया है कि भावनगर निवासी जिगर भट्ट ने गांधीनगर जनसंपर्क कार्यालय से संपर्क किया। त्वरित कार्रवाई के बाद, मामले के आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा धीरज माधव

माधव


लेखक के बारे में