केरल में एक व्यक्ति के लू से मरने का अंदेशा, राज्य में पहला मामला
केरल में एक व्यक्ति के लू से मरने का अंदेशा, राज्य में पहला मामला
कन्नूर (केरल), 23 अप्रैल (भाषा) केरल में 37 वर्षीय एक व्यक्ति की लू के कारण मौत होने की आशंका है जो राज्य में इस साल का पहला ऐसा मामला है । पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि मृतक की पहचान पल्लीपोयिल के मोवानचेरी के सनल कुमार एम वी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब एक बजकर 20 मिनट पर कुआं खोदते समय कुमार बेहोश होकर गिर पड़ा जिसके बाद उसे पहले एक क्लिनिक और फिर एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिकी में कहा गया है, “बृहस्पतिवार को दोपहर करीब दो बजकर 55 मिनट पर उसकी मौत हो गयी। डॉक्टरों ने मौत का कारण लू लगना बताया है। इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं है।”
अधिकारियों ने बताया कि चक्कराक्कल्लू थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
केरल में भीषण गर्मी पड़ रही है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक बाहर काम करने से बचने और पर्याप्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


