ऑपरेशन सिंदूर: भाजपा ने कांग्रेस पर लोगों में सशस्त्र बलों का भरोसा कम करने की कोशिश का आरोप लगाया
ऑपरेशन सिंदूर: भाजपा ने कांग्रेस पर लोगों में सशस्त्र बलों का भरोसा कम करने की कोशिश का आरोप लगाया
नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) भाजपा ने रविवार को कांग्रेस पर झूठ फैलाकर और जनता में भारतीय सशस्त्र बलों का भरोसा कम करके ‘‘निचले स्तर पर जाने’’ का आरोप लगाया।
भाजपा ने विपक्षी पार्टी के इस दावे के बाद ये आरोप लगाए कि सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सैन्यकर्मियों की शहादत को छिपाया और उसे स्वीकार नहीं किया।
सत्ताधारी पार्टी ने कांग्रेस के आरोपों को सशस्त्र बलों का मनोबल गिराने की मंशा से फैलाया गया ‘‘झूठ’’ करार दिया और कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जान गंवाने वाले छह सैन्यकर्मियों को देश के प्रति उनकी सेवा के लिए उचित सम्मान दिया गया और सार्वजनिक रूप से वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
यह बयान कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के उस आरोप के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने सरकार पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान छह सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को ‘‘छिपाने’’ का आरोप लगाया था और संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान का एक वीडियो भी दिखाया था। रक्षा मंत्रालय ने ऐसे दावों को खारिज किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का हमला भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति उसकी नफरत से प्रेरित है।
पूनावाला ने एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘कांग्रेस किस हद तक गिर सकती है? कांग्रेस पार्टी भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी से नफरत करती है। यह बात सभी जानते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, भाजपा के प्रति अपनी नफरत में, क्या वह (कांग्रेस) हमारी सेना से भी नफरत करने लगेगी? क्या वह लोगों के मन में हमारी सेना को लेकर शक पैदा करेगी? क्या वह चाहती है कि हमारी सेना में अंदरूनी समस्याएं हों और बगावत हो, ताकि पाकिस्तान और दूसरे दुश्मन देशों को फायदा मिल सके?’’
खेड़ा को ‘‘लगातार झूठ बोलने वाला’’ करार देते हुए पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने बार-बार झूठे दावे किए हैं। पूनावाला ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनकी पत्नी के बारे में खेड़ा की टिप्पणियों, और भारत आ रहे एलपीजी टैंकरों ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ से जुड़े खेड़ा के दावों का जिक्र किया।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि खेड़ा अब सशस्त्र बलों के बारे में एक और ‘‘खतरनाक झूठ’’ फैला रहे हैं।
पूनावाला ने कहा कि सशस्त्र बलों ने इन आरोपों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है।
सेना के बारे में पहले दिए गए बयानों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूनावाला ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने गांधी की टिप्पणियों के लिए उन्हें फटकार लगाई थी।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ये वही लोग हैं जिन्होंने कहा था कि ‘सेना की पिटाई हुई’। उच्चतम न्यायालय ने राहुल गांधी को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि कोई भी भारतीय इस तरह की बात नहीं करता है।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


