दिल्ली: कबूतर बाजार से 150 से अधिक तोते और कबूतर बचाए गए
दिल्ली: कबूतर बाजार से 150 से अधिक तोते और कबूतर बचाए गए
नयी दिल्ली, 10 दिसंबर (भाषा) पुलिस ने जामा मस्जिद के पास कबूतर बाजार में दयनीय स्थिति में रह रहे करीब 150 तोते और कबूतर छापेमारी के दौरान बचाए।
यह छापेमारी ‘पेटा ( पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स) इंडिया’ की शिकायत पर की गई और इस दौरान दो तोते मृत पाए गए।
जामा मस्जिद पुलिस थाने के नेतृत्व में सोमवार को की गई छापेमारी में 56 कबूतरों और 90 तोतों को अधिकारियों ने अपने कब्जे में लिया जिनमें 49 ‘एलेक्जेंड्रिन’ (हीरामन तोता), 39 ‘रोज रिंग्ड’ (गुलाबी छल्ले वाले) तोते और दो ‘प्लम हैडेड’ तोते शामिल थे।
बयान के अनुसार, पक्षियों को दयनीय स्थिति में पाया गया, उन्हें छोटे, गंदे पिंजरों में या कपड़े की थैलियों में ठूंस कर रखा गया था।
प्राधिकारियों ने ‘पेटा इंडिया’ द्वारा मध्य दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त के पास और जामा मस्जिद पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई की।
कथित अपराधियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम (डब्ल्यूपीए), 1972, भारतीय न्याय संहिता, 2023 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बयान में कहा गया है कि पक्षियों को स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं अस्थायी पुनर्वास के लिए भेजा गया और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
एलेक्जेंड्रिन, ‘रोज रिंग्ड’ और ‘प्लम हैडेड’ तोते डब्ल्यूपीए, 1972 की अनुसूची दो के अंतर्गत संरक्षित हैं। कानून के तहत, इन प्रजातियों को खरीदना, बेचना या रखना एक अपराध है और ऐसा करने पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना, तीन साल तक की जेल या दोनों हो सकते हैं।
भाषा सिम्मी संतोष
संतोष

Facebook


