दिल्ली में 27 लाख रुपये मूल्य की 2,000 से अधिक प्रतिबंधित ई-सिगरेट जब्त, तीन गिरफ्तार

दिल्ली में 27 लाख रुपये मूल्य की 2,000 से अधिक प्रतिबंधित ई-सिगरेट जब्त, तीन गिरफ्तार

दिल्ली में 27 लाख रुपये मूल्य की 2,000 से अधिक प्रतिबंधित ई-सिगरेट जब्त, तीन गिरफ्तार
Modified Date: March 28, 2026 / 04:17 pm IST
Published Date: March 28, 2026 4:17 pm IST

नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ई-सिगरेट का अवैध कारोबार करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और लगभग 27 लाख रुपये मूल्य के 2,073 प्रतिबंधित उपकरण जब्त किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण पुरी निवासी विकास (33), ग्रेटर कैलाश निवासी ऋत्विक बहल (25) और हरियाणा का बल्लभगढ़ निवासी जिशान उर्फ ​​जस्सू (24) को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने सीआर पार्क में विकास द्वारा संचालित एक तंबाकू की दुकान से 53 ई-सिगरेट और ग्रेटर कैलाश स्थित बहल के आवास से 20 अन्य ई-सिगरेट बरामद कीं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान बल्लभगढ़ के एक घर से 2,000 ई-सिगरेट जब्त की गईं, जिससे जब्त कुल ई-सिगरेट की संख्या 2,073 गई है।

उन्होंने बताया कि ये उपकरण, जिनमें से अधिकांश चीन में निर्मित हैं, 800 से 900 रुपये प्रति नग की दर से खरीदे जा रहे थे और प्रतिबंध के बावजूद विक्रेताओं के एक नेटवर्क के माध्यम से अधिक मुनाफे पर बेचे जा रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच जारी है।

भाषा

राखी धीरज

धीरज


लेखक के बारे में