मतगणना के दिन ईसी के पोर्टल को हैक करने के 68 लाख से अधिक प्रयास विफल किए गए

मतगणना के दिन ईसी के पोर्टल को हैक करने के 68 लाख से अधिक प्रयास विफल किए गए

मतगणना के दिन ईसी के पोर्टल को हैक करने के 68 लाख से अधिक प्रयास विफल किए गए
Modified Date: May 6, 2026 / 10:20 pm IST
Published Date: May 6, 2026 10:20 pm IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) निर्वाचन आयोग ने बुधवार को कहा कि चार मई को जब पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती हो रही थी, तब भारत और विदेश से उसके प्रमुख चुनावी मंच को निशाना बनाकर 68 लाख से अधिक प्रयास किए गए।

निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा कि ईसीआईएनईटी साइबर सुरक्षा प्रोटोकॉल के परिणामस्वरूप मतगणना के दिन देश और विदेश से 68 लाख से अधिक दुर्भावनापूर्ण हमलों का ‘प्रभावी ढंग से मुकाबला’ किया गया, जो परिणाम पोर्टल सहित प्रमुख चुनाव मंच को लक्षित करके किये गए थे।

निर्वाचऩ आयोग ने कहा कि तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, असम और पुडुचेरी में हुए चुनावों के दौरान वास्तविक समय की निगरानी, ​​त्वरित रिपोर्टिंग और पारदर्शिता बढ़ाने सहित चुनावी प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने में उसके आईटी मंच ईसीआईएनईटी ने केंद्रीय भूमिका निभायी।

जनवरी में आधिकारिक शुरुआत के बाद से, ईसीआईएनईटी ऐप के उपयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और अब तक इसके 10 करोड़ से अधिक डाउनलोड हो चुके हैं।

ईसीआईएनईटी के बीटा संस्करण का उपयोग नवंबर 2025 में बिहार चुनाव में किया गया था। मतदान के दिनों – 9, 23 और 29 अप्रैल – को ईसीआईएनईटी ने 98.3 करोड़ से अधिक हिट दर्ज किए और मतगणना के दिन, इसने प्रति मिनट औसतन तीन करोड़ हिट दर्ज हुए।

मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, इन चुनावों में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतगणना के दिन पहली बार ईसीआईएनईटी के माध्यम से एक नई क्यूआर कोड-आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली का उपयोग किया गया।

मतगणना के दिन, 3.2 लाख से अधिक क्यूआर कोड उत्पन्न किए गए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल अधिकृत कर्मी ही मतगणना स्थलों तक पहुंच सकें, जिससे मतगणना केंद्रों में किसी भी अनधिकृत प्रवेश को रोका जा सके।

भाषा अमित माधव

माधव


लेखक के बारे में