पाकिस्तान और ईयू की संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कश्मीर का जिक्र ‘अवांछित’ : भारत
पाकिस्तान और ईयू की संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कश्मीर का जिक्र ‘अवांछित’ : भारत
नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) भारत ने पाकिस्तान और यूरोपीय संघ द्वारा जारी एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में जम्मू कश्मीर के ‘अवांछित’ संदर्भों को सिरे से खारिज करते हुए मंगलवार को दो टूक कहा कि यह क्षेत्र देश का ‘‘अविभाज्य हिस्सा’’ है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जिनका इस मामले को लेकर कोई अधिकार नहीं है, उन्हें इस तरह की टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
उन्होंने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘भारत के आंतरिक मामलों पर संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में इस तरह के अवांछित संदर्भों को हम सिरे से खारिज करते हैं।’’
जायसवाल ने संयुक्त विज्ञप्ति को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में यह कड़ी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश भारत के अभिन्न और अविभाज्य अंग हैं। इन मामलों पर टिप्पणी करने का अधिकार न रखने वालों को इन पर कोई टिप्पणी करने से परहेज करना चाहिए।’’
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार और यूरोपीय संघ की विदेश एवं सुरक्षा नीति प्रमुख काजा कलास के बीच हुई वार्ता के बाद एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई थी ।
संयुक्त विज्ञप्ति में ‘‘जम्मू कश्मीर मुद्दे’’ का उल्लेख था जिसे आठवें पाकिस्तान-ईयू रणनीतिक वार्ता के बाद जारी किया गया था।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पाकिस्तानी पक्ष ने यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल को ‘‘जम्मू कश्मीर मुद्दे’’ से अवगत कराया, जबकि यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान को ‘‘रूस द्वारा यूक्रेन के खिलाफ युद्ध’’ के बारे में जानकारी दी।
भाषा धीरज सुभाष
सुभाष

Facebook


