तमिलनाडु की जनता अब पिछली शासन-व्यवस्था की तलाश कर रही है : उदयनिधि
तमिलनाडु की जनता अब पिछली शासन-व्यवस्था की तलाश कर रही है : उदयनिधि
चेन्नई, 28 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने रविवार को कहा कि तमिलनाडु के लोग अब उस शासन-व्यवस्था की तलाश कर रहे हैं जो कभी उनके पास हुआ करती थी।
विजय ने 23 जुलाई को राज्य विधानसभा में अपने समापन भाषण में उदयनिधि का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि वह अपने ‘अप्पा’ (द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन) को ढूंढ़ रहे हैं, जो सदन में नहीं मिल सकते थे। यह टिप्पणी विधानसभा चुनाव में स्टालिन की हार के संदर्भ में की गई थी।
पुडुकोट्टई में एक शादी समारोह में उदयनिधि ने कहा, ‘‘तमिलनाडु में कभी एक शासन-व्यवस्था हुआ करती थी। आज राज्य के लोग ढूंढ़ रहे हैं कि वह शासन-व्यवस्था कहां चली गई है।’’
उन्होंने सत्ताधारी टीवीके सरकार पर आरोप लगाया कि वह बार-बार द्रमुक को छापेमारी के जरिए निशाना बनाती है, जबकि ‘भ्रष्ट ताकतों’ का स्वागत करती है। उनका आरोप था कि ये ताकतें पार्टी में शामिल होने के बाद ‘पवित्र ताकतें’ बन जाती हैं।
उदयनिधि ने मौजूदा सरकार के तहत विधानसभा के कामकाज की कड़ी आलोचना की और सदन की कार्यवाही की तुलना ‘फिल्म शूटिंग स्थल’ से की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को शासन-व्यवस्था से अधिक विधानसभा में कैमरे के कोण और स्थिति (पोजिशनिंग) की चिंता रहती है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें हैरानी होती है कि यह विधानसभा है, सिनेमाघर है या शूटिंग स्थल।’’ तंजावुर जिले के ओराथानाडू इलाके में एक अन्य शादी समारोह में उदयनिधि ने कहा कि मौजूदा सरकार के दौर में आम नागरिकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, जनता बिजली और पानी जैसी बुनियादी ज़रूरतों के लिए परेशान है और ‘बिगड़ती कानून-व्यवस्था’ पर सवाल उठा रही है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


