पुलिस ने निर्देशक रंजीत के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में अभिनेता बॉबी कुरियन का बयान दर्ज किया

पुलिस ने निर्देशक रंजीत के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में अभिनेता बॉबी कुरियन का बयान दर्ज किया

पुलिस ने निर्देशक रंजीत के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में अभिनेता बॉबी कुरियन का बयान दर्ज किया
Modified Date: April 17, 2026 / 03:03 pm IST
Published Date: April 17, 2026 3:03 pm IST

कोच्चि, 17 अप्रैल (भाषा) मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने अभिनेता बॉबी कुरियन का बयान दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कोच्चि में फिल्म की शूटिंग के दौरान एक अभिनेत्री का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में रंजीत को गिरफ्तार किया गया था। बाद में एक मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा रंजीत को जमानत प्रदान की गई थी।

जांच के तहत पुलिस ने बुधवार को कुरियन से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि संदेह है कि कुरियन ने रंजीत को गिरफ्तारी से बचने में मदद की और इसी सिलसिले में अभिनेता से पूछताछ की गई।

इडुक्की जिले के थोडुपुझा के पास 31 मार्च को पुलिस दल द्वारा रोके जाने पर रंजीत कथित तौर पर कुरियन और सहायक निर्देशक शालिनी के साथ थे।

सूत्रों के अनुसार, कुरियन ने दावा किया कि उन्हें रंजीत के खिलाफ मामले की जानकारी नहीं थी।

अधिकारियों ने बताया कि अभिनेता ने दावा किया कि वह, रंजीत और शालिनी के साथ कट्टप्पना में एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

सूत्रों के मुताबिक, कुरियन का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी तब मिली जब रंजीत को पुलिस थाने ले जाया गया।

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में