राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने लखनऊ अग्निकांड में हुई मौतों पर शोक जताया
राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने लखनऊ अग्निकांड में हुई मौतों पर शोक जताया
नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक इमारत में लगी भीषण आग में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया।
लखनऊ के अलीगंज इलाके में तीन मंजिल की एक व्यावसायिक इमारत में लगी आग में झुलसकर कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी तथा सात अन्य जख्मी हो गये।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अग्निकांड में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’
इस घटना पर दुख जताते हुए उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।’’
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


