राष्ट्रपति ने ममूटी, अलका याग्निक, रोहित शर्मा समेत अन्य को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया
राष्ट्रपति ने ममूटी, अलका याग्निक, रोहित शर्मा समेत अन्य को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया
नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज, क्रिकेटर रोहित शर्मा, अभिनेता ममूटी, पार्श्व गायिका अलका याग्निक समेत 65 हस्तियों को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित दूसरे नागरिक सम्मान समारोह में इन हस्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस को जन-सेवा के लिए और मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य और शिक्षा में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति ने अलका याग्निक, ममूटी, अमेरिकी डॉक्टर दत्तात्रेयडु नोरी, टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, उद्योगपति एसकेएम माएलानंदन और समाजसेवी व शिक्षाविद वी नटेसन को पद्म भूषण से सम्मानित किया।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन ने दिवंगत नेता की ओर से पद्म भूषण सम्मान ग्रहण किया।
राष्ट्रपति ने क्रिकेटर रोहित शर्मा और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्म श्री से सम्मानित किया। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने पिछला टी20 विश्वकप जीता था।
सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त और रवि दहिया जैसे ओलंपिक पदक विजेताओं के कोच तथा जॉर्जिया निवासी व्लादिमीर मेस्तविरीश्विली को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी ने उनकी ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।
इस समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
नगालैंड के 83 वर्षीय लोक कलाकार और सांस्कृतिक संरक्षक गुरु सांग्युसांग पोंगेनर ने समारोह में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। पारंपरिक नगा वेशभूषा में उनके प्रवेश के समय प्रधानमंत्री मोदी सहित दर्शकों ने ज़ोरदार तालियां बजाईं। उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ के नक्सल-प्रभावित बस्तर क्षेत्र में शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में काम करने वाली समाज सेविका बुधरी ताती को भी पद्म श्री मिला। वह भी अपनी पारंपरिक वेशभूषा में थीं और सम्मान लेने के लिए मंच तक जाते समय खूब तालियां बजीं।
राष्ट्रपति ने अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया। उनके भाई ने उनकी ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।
प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी (सीईओ) और अभी सीबीएफसी के अध्यक्ष शशि शेखर वेम्पति को भी राष्ट्रपति ने पद्म श्री से सम्मानित किया।
समारोह में राष्ट्रपति ने कुल 65 पद्म पुरस्कार प्रदान किए, जिनमें दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 56 पद्म श्री शामिल थे।
अभिनेता आर. माधवन, एयरोस्पेस वैज्ञानिक चंद्रमौली गड्डमानुगु, आर.वी.एस. मणि और दलित परिवार से ताल्लुक रखने वाले तथा खुद के दम पर सफल उद्यमी बने अशोक खाडे को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
रेलवे गार्ड रहते हुए प्रेरणादायक साहित्य लिखने वाले दलित लेखक अशोक कुमार हलदर, कर्नाटक संगीत के लिए रंजनी और गायत्री, अभिनेता अनिल कुमार रस्तोगी और प्रोफेसर महेंद्र नाथ रॉय को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पद्म पुरस्कार अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतरीन सेवा और समर्पण का सम्मान हैं।
उन्होंने लिखा, ‘पुरस्कार पाने वाले हर व्यक्ति समाज के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की सबसे अच्छी मिसाल हैं। उनका जीवन अनगिनत नागरिकों को प्रेरित करता है और सभी को कड़ी मेहनत एवं सेवा की ताकत की याद दिलाती है।’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सम्मानित होने वाले लोगों को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘मोदी जी के नेतृत्व में पद्म पुरस्कारों का स्वरूप बदला गया है, ताकि ऐसे लोगों को सम्मानित किया जा सके, जिन्होंने निस्वार्थ सेवा के ज़रिए समाज पर वास्तविक प्रभाव डाला है। अब ये पुरस्कार उन गुमनाम लोगों को सम्मानित करते हैं, जिन्होंने समाज में बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाई है और नागरिकों को बदलाव का भागीदार बनने के लिए प्रेरित कर सहभागी लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं।’
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर, सरकार ने वर्ष 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी, जिनमें पांच पद्म विभूषण पुरस्कार शामिल थे।
राष्ट्रपति ने 25 मई को आयोजित पहले नागरिक सम्मान समारोह में 65 पद्म पुरस्कार दिए थे। देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं- पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री।
ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए दिए जाते हैं जिनमें कला, समाज सेवा, जन-सेवा, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि शामिल हैं।
पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है, जबकि पद्म भूषण उच्च स्तर की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में योगदान के लिए दिया जाता है।
भाषा
अविनाश दिलीप
दिलीप

Facebook


