प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे
देहरादून, 13 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंगलवार को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अपने दौरे में प्रधानमंत्री 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे या आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे। यह गलियारा बनने से अब दिल्ली और देहरादून के बीच का सफर करीब ढाई घंटे का रह जाएगा।
प्रधानमंत्री देहरादून में एक जनसभा एवं देहरादून के पास उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित मां डाट काली मंदिर में दर्शन एवं पूजा भी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने जसवंत ग्राउंड में सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, पार्किंग सुविधाएं, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था और स्वच्छता समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में आने वाले लोगों की सुविधा सर्वोपरि रहे और इसके लिए सभी इंतजाम निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने मंच, दर्शक दीर्घा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां सुनियोजित और व्यवस्थित रूप से की जाएं जहां स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए ।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी सफलता सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
धामी के मुख्यमंत्रित्व काल में मोदी का यह 18 वां तथा प्रधानमंत्री बनने के बाद से 28 वां उत्तराखंड दौरा है ।
भाषा दीप्ति राजकुमार
राजकुमार

Facebook


