प्रो. वाघमारे को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव नियुक्त किया गया
प्रो. वाघमारे को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव नियुक्त किया गया
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) वरिष्ठ भौतिक विज्ञानी प्रोफेसर उमेश वी. वाघमारे को बुधवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव नियुक्त किया गया।
वाघमारे वर्तमान में बेंगलुरु स्थित जवाहरलाल नेहरू उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र (जेएनसीएएसआर) की सैद्धांतिक विज्ञान इकाई के अध्यक्ष और प्रोफेसर हैं।
कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव पद पर नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है, और यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से लेकर उनके 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक प्रभावी रहेगी।
यह रिक्ति तब हुई जब मौजूदा प्रोफेसर अभय करंदीकर को अप्रैल में नीति आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया था।
वाघमारे ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-मुंबई से 1990 में इंजीनियरिंग भौतिकी में प्रौद्योगिकी स्नातक की डिग्री प्राप्त की और संस्थान का रजत पदक भी हासिल किया।
उन्होंने 1996 में येल विश्वविद्यालय, न्यू हेवन से अनुप्रयुक्त भौतिकी (अप्लायड फिजिक्स) में पीएचडी प्राप्त की और 1996 से 2000 तक हार्वर्ड विश्वविद्यालय में पोस्टडॉक्टोरल शोध कार्य किया।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


