विस चुनाव में 91.81 प्रतिशत ट्रांसजेंडर मतदाताओं की भागीदारी के साथ सबसे आगे रहा पुडुचेरी
विस चुनाव में 91.81 प्रतिशत ट्रांसजेंडर मतदाताओं की भागीदारी के साथ सबसे आगे रहा पुडुचेरी
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों के दौरान पुडुचेरी ट्रांसजेंडर मतदाताओं के मतदान प्रतिशत के मामले में सबसे आगे रहा जहां इनका मत प्रतिशत 91.81 दर्ज किया गया।
निर्वाचन आयोग द्वारा नौ से 23 अप्रैल के बीच साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार पुडुचेरी में 139 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं, जिनमें से 91.81 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
तमिलनाडु में 7,728 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं, जिनमें से 60.49 प्रतिशत ने 23 अप्रैल को हुए मतदान में वोट डाला। पश्चिम बंगाल (प्रथम चरण) में 465 ट्रांसजेंडर मतदाताओं में से 56.79 प्रतिशत ने मतदान किया। केरल में 277 मतदाताओं में से 57.04 प्रतिशत और असम में 343 मतदाताओं में से 36.84 प्रतिशत ने वोट डाला।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ, जबकि दूसरा व अंतिम चरण 29 अप्रैल को होगा। तमिलनाडु में भी 23 अप्रैल को मतदान हुआ जबकि केरल, असम और पुडुचेरी में नौ अप्रैल को चुनाव संपन्न हुए। सभी राज्यों के नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।
पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त नवीन चावला ने ट्रांसजेंडर को ‘अन्य’ या ‘ओ’ श्रेणी में मतदाता के रूप में पंजीकृत करने की पहल की थी। अब निर्वाचन आयोग मतदाताओं को ‘पुरुष’, ‘महिला’ और ‘अन्य’- इन तीन श्रेणियों में वर्गीकृत करता है।
भाषा
खारी अविनाश
अविनाश

Facebook


